← वापस
मेरी माँ का आँगन बनाए रखना
19 June 2026
व्यूज़: 35
हे भगवान, है विनती तुझसे एक बेटी की... हे भगवान, मेरी माँ का आँगन बनाए रखना। मेरे बच्चों के मन में गर्मी की छुट्टियों का इंतज़ार बनाए रखना, और मेरी माँ की गोद में फिर से बच्चा बन जाने की चाहत बचाए रखना। हे भगवान, मेरी माँ का आँगन बनाए रखना। मेरे सुकून के कुछ दिन माँ के साथ बिताने के लिए सँजोए रखना, खोइछा देने की वह प्यारी रस्म, उन काँपते हाथों से भी निभती रहे, ऐसा बनाए रखना। हे भगवान, मेरी माँ का आँगन बनाए रखना। पूरे साल जिस दिन का इंतज़ार रहता है, उस दिन की खुशियाँ सजाए रखना। पूरे साल बनती रहती है एक लंबी सूची— यह करना है, वह करना है, भले ही वह सूची कभी पूरी न हो पाए, पर मेरी माँ का आँगन बनाए रखना। मेरे सुकून के कुछ पल उसी आँगन में बीतें, जहाँ हर चिंता छोटी लगती है और हर खुशी बड़ी हो जाती है। हे भगवान, बस मेरी इस विनती को स्वीकार करना— मेरी माँ का आँगन बनाए रखना, मेरी माँ का आँगन हमेशा बनाए रखना।
टिप्पणियाँ
सदस्य बनें और टिप्पणी करें।