← वापस

बड़ी किस्मत से तू मुझे मिला

19 June 2026 व्यूज़: 120
बड़ी किस्मत से तू मुझे मिला

बड़ी किस्मत से तू मुझे मिला,
नौ महीने मेरे अंदर तू पला।
एक-एक धड़कन के साथ तुझे बढ़ते देखा,
हर रिश्ते से मेरा रिश्ता तुझसे नौ महीने ज़्यादा रहा।

तेरी पहली आहट से ही दुनिया मेरी बदल गई,
मेरी हर दुआ तेरे नाम से जुड़ गई।
तेरी हर हरकत मुझे बहुत लुभाती,
कभी मैं तुझ पर चिल्लाती, कभी प्यार बरसाती।

गुस्सा तुझ पर करके भी,
खुद को ही मैं कोसती थी,
तेरी मासूम मुस्कान देखकर,
हर शिकायत मेरी खो जाती थी।

मेरी खुशी में तुझे खिलखिलाते देखा,
मेरे आँसू में तुझे घबराते देखा।
बेटा, बड़ी किस्मत से तू मुझे मिला,
रब का सबसे अनमोल उपहार बनकर मिला।

तेरा यूँ सबका ख़याल रखना,
इतनी छोटी उम्र में मेरी उदासी पहचानना,
कहाँ से सीखा तूने ये हुनर,
बिन कहे ही मेरे दिल की बात जानना।

तेरे छोटे-छोटे हाथों में बड़ा सा प्यार देखा,
तेरी बातों में अपना पूरा संसार देखा।
तुझे हर एक दिन मैंने बढ़ते देखा,
अपने सपनों को तेरी आँखों में सजते देखा।

आज भी जब तुझे देखती हूँ,
दिल यही दुआ करता है—
हर जन्म में तू ही मेरा बेटा बने,
और मैं ही तेरी माँ बनूँ।

बड़ी किस्मत से तू मुझे मिला,
मेरी ज़िंदगी का सबसे खूबसूरत सिलसिला। ❤️
सदस्य बनें

टिप्पणियाँ

सदस्य बनें और टिप्पणी करें।

  • पहली टिप्पणी लिखें।